“सीढ़ी चढ़ गया सांड… अब उतरे कैसे? वार्ड नंबर 10 में ‘छत पर कब्जा’, मकान मालिक की उड़ गई नींद!”

 

पत्थलगांव  मुकेश अग्रवाल की कलम से

पत्थलगांव के वार्ड क्रमांक 10 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हट्टा-कट्टा काला सांड आराम से सीढ़ियां चढ़कर चिंतामणि चौधरी के मकान की छत पर पहुंच गया। ऊपर पहुंचने के बाद मानो सांड ने ऐलान कर दिया हो—”अब यही मेरा नया ठिकाना है!”

मोहल्लेवासी पहले तो इस अनोखे नज़ारे को देखकर हैरान रह गए, लेकिन कुछ ही देर में मामला चिंता का विषय बन गया। जिस सांड ने बड़ी आसानी से सीढ़ियां चढ़ लीं, वही अब नीचे उतरने का नाम नहीं ले रहा है।

मकान मालिक चिंतामणि चौधरी की चिंता बढ़ती जा रही है। डर इस बात का है कि कहीं सांड घबराकर छलांग न लगा दे या किसी अनहोनी का कारण न बन जाए। दूसरी ओर मोहल्ले के लोग छत की ओर टकटकी लगाए खड़े हैं और हर कोई यही पूछ रहा है—”भाई… इसे उतारेगा कौन?”

इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। कोई इसे ‘VIP सांड का रूफटॉप विजिट’ बता रहा है तो कोई मजाक में कह रहा है कि “लगता है जनाब बारिश का नज़ारा देखने पहुंचे हैं।”

अब सबकी निगाहें नगर पंचायत और पशु विभाग पर टिकी हैं कि आखिर इस ‘रूफटॉप मेहमान’ को सुरक्षित नीचे कैसे उतारा जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button