“ऑपरेशन शंखनाद का बड़ा प्रहार: 55 किलो गौमांस के साथ 10 आरोपी दबोचे, कोतबा में पुलिस का पैदल मार्च… अपराधियों को दिया सख्त संदेश!”

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव कोतबा

। जशपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम बैगाबहार में रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 55 किलो गौमांस के साथ 10 आरोपियों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का पैदल मार्च भी कराया, ताकि क्षेत्र में अपराधियों के बीच कानून का खौफ पैदा हो और आम जनता में पुलिस का विश्वास और मजबूत हो।

पुलिस को सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैगाबहार और रोकबहार के कुछ लोग एक गौवंश का वध कर उसका मांस काट रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोतबा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को आरोपी रंजीत एक्का की बाइक से एक बोरी में भारी मात्रा में गौमांस मिला। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गौवंश का वध करने की बात स्वीकार की।

55 किलो गौमांस, बाइक, हथियार और नकदी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55 किलो गौमांस, घटना में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल (CG-13-W-8714), टांगी, छुरी, रस्सी तथा गौमांस की बिक्री से प्राप्त ₹2,000 नकद जब्त किए हैं।

10 आरोपी पुलिस हिरासत में

इस मामले में पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें रंजीत एक्का, राकेश तिर्की, मेघनाथ तिर्की, अमलेश तिग्गा, विनय तिग्गा, हीरालाल तिर्की, मनमोहन तिग्गा, अब्राहम कुजूर, संजय तिग्गा और अनूप भगत शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

पैदल मार्च से दिया सख्त संदेश

कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का कोतबा क्षेत्र में पैदल मार्च कराया। इस दौरान पुलिस का उद्देश्य स्पष्ट था—अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और यह संदेश देना कि गौवध जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा। गौवध एवं गौतस्करी जैसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। थाना तुमला और चौकी कोतबा की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button