31 लाख के 129 गुम मोबाइल लौटाकर सरगुजा पुलिस ने जीता जनता का दिल, महीनों बाद अपनों के हाथों में लौटी खुशियां!

उम्मीद छोड़ चुके थे लोग... लेकिन पुलिस ने कर दिखाया कमाल', साइबर सेल की बड़ी सफलता, DIG-SSP ने खुद लौटाए मोबाइल

 

‘उम्मीद छोड़ चुके थे लोग… लेकिन पुलिस ने कर दिखाया कमाल’, साइबर सेल की बड़ी सफलता, DIG-SSP ने खुद लौटाए मोबाइ

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और तेज कार्रवाई का शानदार उदाहरण पेश करते हुए करीब 31 लाख रुपये कीमत के 129 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने मोबाइल धारकों को उनके फोन लौटाए। महीनों से अपना मोबाइल खो चुके लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

यह सफलता साइबर सेल अंबिकापुर और जिले के सभी थाना-चौकी पुलिस की संयुक्त मेहनत का नतीजा है। पिछले 5 महीनों तक चले विशेष अभियान में आधुनिक सर्विलांस तकनीक और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए गुम मोबाइलों का पता लगाया गया। इससे पहले भी फरवरी 2026 में सरगुजा पुलिस 525 गुम मोबाइल बरामद कर रिकॉर्ड बना चुकी है।

‘POLICE’ मंत्र से साइबर अपराधियों को दिया करारा जवाब

कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए ‘POLICE’ की-वर्ड का मंत्र दिया—

P – Password: मजबूत पासवर्ड रखें, किसी से साझा न करें।

O – OTP: OTP कभी किसी को न बताएं।

L – Link: अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

I – Identification: आधार, पैन, वोटर आईडी जैसी निजी जानकारी सुरक्षित रखें।

C – Careful: सोशल मीडिया और बैंकिंग लेन-देन में सतर्क रहें।

E – Emergency: साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।

उन्होंने कहा कि मोबाइल सिर्फ एक डिवाइस नहीं, बल्कि उसमें लोगों की निजी और आर्थिक जानकारी होती है। इसलिए मोबाइल गुम होने पर तुरंत पुलिस और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है।

राहवीर योजना की भी दी जानकारी

कार्यक्रम में लोगों को राहवीर योजना के बारे में भी जागरूक किया गया। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

अवैध प्रवासियों की सूचना देने की अपील

सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी संदिग्ध या अवैध प्रवासी की जानकारी मिले तो टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस टीम की मेहनत को मिली सराहना

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित साइबर सेल और जिले के सभी थाना-चौकी पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने सरगुजा पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button