थानेदार जितेंद्र ताम्रकार का बड़ा एक्शन! 70 बैलों के साथ 23 आरोपी पुलिस के शिकंजे में, पत्थलगांव में मचा हड़कंप

मुकेश अग्रवाल
बेलडेगी में पुलिस की सटीक घेराबंदी से तस्करों के मंसूबों पर फिरा पानी, दो मोटरसाइकिल भी जब्त; ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक साथ 23 आरोपियों पर शिकंजा
पत्थलगांव। गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन शंखनाद के तहत पत्थलगांव पुलिस ने ऐसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसने क्षेत्र में मवेशी तस्करी के नेटवर्क को लेकर हलचल मचा दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में पत्थलगांव पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी गौवंश तस्करी विरोधी कार्रवाई करते हुए 70 बैलों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया और एक साथ 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
बेलडेगी में सुबह-सुबह पुलिस का शिकंजा, 23 आरोपी दबोचे गए
मामला 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे का है। पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी संख्या में बैलों को पैदल हांकते हुए गैरकानूनी तरीके से दूसरे राज्य ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ताम्रकार ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ ग्राम बेलडेगी की ओर रुख किया।
पुलिस टीम जब ग्राम बेलडेगी स्थित शंकर ढाबा के पास पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में बैलों को हांककर ले जाते हुए लोग दिखाई दिए। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर मौके से कुल 23 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कथित तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई।
दस्तावेज मांगते ही नहीं दिखा पाए वैध कागजात
पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों से बैलों के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज एवं रसीद मांगी, लेकिन कोई भी आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध क्रमांक 266/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
70 बैल मुक्त, दो मोटरसाइकिल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 70 बैलों को बरामद किया। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG14ML5856 और हीरो स्प्लेंडर क्रमांक CG14MW4009 शामिल हैं।
पुलिस ने सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उनकी सुरक्षा एवं देखरेख के लिए गौशाला भेज दिया।
23 गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोथो राम (42), लक्ष्मण राम यादव (25), गुलाम हुसैन (45), दशरथ यादव (42), बालकुंवर राम (35), विकास टोप्पो (25), विनीत टोप्पो (22), किशोर मिंज (35), राजू महतो (24), विकास उर्फ विक्की मलार (19), नंदकुमार (35), हेमंत कुमार (22), शिवकुमार (40), अमित खलखो (35), जोन मिंज (30), अंतियुस खलखो (58), रवी राम डोम (19), कलदियुस खलखो (40), आमोस मिंज (30), ननकु कोरवा (40), रामवृक्ष नगेशिया (25), धनसाय राम (38) एवं सनेश्वर राम (24) शामिल हैं।
आरोपियों के निवास स्थानों में बटईकेला, बगिया, नारायणपुर, कुनकुरी, जशपुर, मनोरा सहित झारखंड के गुमला जिले का गोविंदपुर एवं अन्य गांव शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जितेंद्र ताम्रकार की टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में पत्थलगांव पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में सउनि लखेश कुमार साहू, प्रधान आरक्षक त्रिनाथ यादव, प्रधान आरक्षक चन्द्रविजय साय पैंकरा, आरक्षक आबेद मिंज, आरक्षक आकाश कुजूर एवं आरक्षक बिरेन्द्र यादव शामिल रहे।
एसपी ने दी सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों के अवैध परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस गतिविधि में संलिप्त लोगों पर पुलिस की सतत निगरानी है और आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
70 गौवंशों की मुक्ति और 23 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पत्थलगांव पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार के नेतृत्व में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि गौवंशों के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।