मंदिर में दर्शन करने गई महिला की चेन पर चोरों ने किया हाथ साफ, 95 हजार की वारदात में कोरबा के चार आरोपी अंबिकापुर में गिरफ्तार!

मुकेश अग्रवाल
अंबिकापुर। मंदिर में दर्शन करने पहुंची महिला भीड़ के बीच चेन स्नेचरों का शिकार हो गई और उसके गले से करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन पार कर दी गई। धार्मिक स्थल पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि, सरगुजा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज की और अंतरजिला चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण का टुकड़ा भी बरामद किया गया है।
मंदिर की भीड़ बनी चेन स्नेचरों का हथियार
मामला 18 अक्टूबर 2026 का है। केदारपुर अंबिकापुर निवासी ओमप्रकाश जायसवाल ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने उनकी पत्नी के गले से करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 754/26 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी का सोना बेचने ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति शहर में चोरी का सोना बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली एवं मणीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी की और चार संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संतोष गिरी (28), पिकू गिरी (25), अमर गिरी (19) और रामकुमार गिरी (32) के रूप में हुई। चारों आरोपी ग्राम कौनकोना ठिहाईपारा, थाना बांगो, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में खुला राज, सोने का टुकड़ा बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण का टुकड़ा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने 18 अक्टूबर को मंदिर परिसर में भीड़ का फायदा उठाकर महिला की सोने की चेन चोरी करने की वारदात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कोतवाली-मणीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली के निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सीपी तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक नीरज पाण्डेय, रजनीकांत मिश्रा, आरक्षक उमाशंकर साहू, अतुल सिंह, मनीष सिंह, रामाशंकर यादव, अनिल परिहार, शिव राजवाड़े एवं सैनिक दिनेश यादव की सक्रिय भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।