पुलिस कप्तान शशि मोहन सिंह का बरपा कहर मेला लगा था… लेकिन दांव पर लग रही थी किस्मत! छाल पुलिस ने मारी दबिश, 33 जुआरी गिरफ्तार

मुकेश अग्रवाल

रायगढ़, । रायगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत सोमवार देर रात ऐसी कार्रवाई हुई जिसने जुआरियों में हड़कंप मचा दिया। रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के बाहर खुलेआम चल रहे 5 जुआ फड़ों पर छाल पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दबिश दी और 33 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से करीब ₹90 लाख कीमत की 7 चारपहिया गाड़ियां (इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA और एक ऑल्टो), ₹57,140 नकद तथा 5 गैस लाइट जब्त की हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में जुआरियों की गिरफ्तारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्रों से पहुंचकर धसकामुड़ा के बाहरी हिस्से में बड़े पैमाने पर जुए का खेल चला रहे थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर जुआरियों को भागने का मौका तक नहीं दिया।

छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत 5 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

‘ऑपरेशन अंकुश’ की इस बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि रायगढ़ पुलिस अब अवैध जुए के कारोबार पर पूरी तरह शिकंजा कसने के मूड में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button