सुनसान बोर घर में मां-बेटी की खौफनाक हत्या! 10 माह की मासूम भी नहीं बची, लैलूंगा में सनसनी… एसएसपी ने खुद संभाली जांच की कमान

 

मुकेश अग्रवाल

गांव के बाहर खून से लथपथ मिली महिला और उसकी मासूम बेटी, अज्ञात हत्यारे की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जुटे जांच में।

लैलूंगा। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में मां-बेटी की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। गांव के बाहर स्थित एक सुनसान बोर घर में 35 वर्षीय महिला बरत कुमारी और उसकी महज 10 माह की मासूम बेटी परी की लाश मिलने से ग्रामीण स्तब्ध हैं। प्रारंभिक जांच में सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बरत कुमारी के पति की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी थी और मायके में रह रही थी। वह अक्सर गांव में इधर-उधर घूमती रहती थी तथा कुछ समय से गांव के बाहर प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में आश्रय लेकर रह रही थी।

16 जुलाई की सुबह जब उसकी मौसेरी बहन बुधियारो नागवंशी घर लौट रही थी, तभी ग्रामीण ने सूचना दी कि बरत कुमारी खून से लथपथ पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर जो दृश्य सामने आया, उसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए। बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल पड़ी थी, जबकि उसकी 10 माह की मासूम बेटी परी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और लैलूंगा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह स्वयं लैलूंगा पहुंचे और जांच की कमान संभालते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गहन जांच कर रही है तथा कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा—

“पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।”

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे लैलूंगा क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है, जबकि ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button