न्याय की रफ्तार बढ़ाने जशपुर में बड़ा मंथन, जिला जज और एसएसपी ने पुलिस, अभियोजन व अधिवक्ताओं को दिए सख्त निर्देश

 

 

BNSS-2023 के प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक विवेचना, समयबद्ध ट्रायल और दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विशेष फोकस, लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर दिए गए अहम निर्देश।

जशपुर।

जिले में न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में पुलिस, अभियोजन एवं शासकीय अधिवक्ताओं की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जनार्दन खरे तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह की मौजूदगी में नवीन आपराधिक कानून भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS-2023) के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और न्यायालयों में दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, एसडीओपी, थाना प्रभारी, विवेचक, अभियोजन अधिकारी और शासकीय अधिवक्ताओं ने भाग लिया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जनार्दन खरे ने कहा कि पुलिस, अभियोजन और न्यायपालिका के बेहतर समन्वय से ही पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय मिल सकता है। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और समय-सीमा का पालन करने पर विशेष जोर दिया।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अधिकारियों को BNSS-2023 के तहत सत्र ट्रायल, वारंट ट्रायल, समन ट्रायल और संक्षिप्त ट्रायल की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि नए कानूनों का उद्देश्य केवल अपराधियों को दंडित करना नहीं, बल्कि पीड़ितों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है।

बैठक में लंबित प्रकरणों, दोषमुक्ति मामलों की नियमित समीक्षा, एफएसएल एवं डीएनए रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त करने, जप्ती कार्रवाई की वीडियोग्राफी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही तथा नवीन कानूनी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक विवेचक और अभियोजन अधिकारी नवीन कानूनों का गहन अध्ययन कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि न्यायालयों में दोषसिद्धि दर बढ़े और आम जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले, डीएसपीगण, अभियोजन अधिकारी, शासकीय अधिवक्ता तथा जिले के सभी विवेचक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button