मतदाता दिवस पर ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

मुकेश अग्रवाल/पत्थलगांव
मतदाता दिवस के अवसर पर ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नए युवा मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम माननीया आकांक्षा त्रिपाठी ,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पत्थलगांव के मुख्य आतिथ्य व डॉ बी. के. राय प्राचार्य की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। विधिवत सरस्वती पूजन तथा स्वागत के पश्चात अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है , लोकतंत्र की सफलता देश की जागरूक मतदाता से ही संभव है। इसलिए मतदान के संबंध में जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आस पास के लोगों को भी जागरूक करें ।वहीं त्रिपाठी जी ने विद्यार्थियों से अपील किया कि वे अपने मत का प्रयोग किसी के बहकावे या प्रलोभन से नहीं बल्कि निष्पक्ष रूप से सोच समझकर करें। प्रत्येक वोट का महत्व है और इसमें उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राचार्य द्वारा समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों को मतदान में अपनी भागीदारी की शपथ दिलायी गयी। नव विद्यार्थी मतदाताओं को मुख्य अतिथि महोदया के हाथों वोटर आई डी कार्ड भी दिया गया। अन्त में डॉ मारकंडे विभागाध्यक्ष वनस्पति शास्त्र विभाग के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया । संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी प्रभारी अनुपमा प्रधान ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की महती भूमिका रही।





