“छत्तीसगढ़ की शेरनी ने राष्ट्रमंडल में लहराया तिरंगा” — ASI ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर, डीआईजी राजेश अग्रवाल ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

ग्लासगो में गूंजी छत्तीसगढ़ की ताकत, भारोत्तोलन में रचा इतिहास… सरगुजा पुलिस की बेटी ने बढ़ाया देश का मान

अंबिकापुर/सरगुजा। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में छत्तीसगढ़ की होनहार बेटी और छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने ऐसा दमदार प्रदर्शन किया कि पूरा देश गर्व से झूम उठा। महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए उन्होंने रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम कर भारत और छत्तीसगढ़ का परचम अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहरा दिया।

ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम के साथ पोडियम पर दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार को गौरवान्वित कर दिया।

इस ऐतिहासिक सफलता पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने वीडियो कॉल के माध्यम से सीधे ज्ञानेश्वरी यादव से बात कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनकर देश और समाज की सेवा करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का नाम रोशन करना असाधारण उपलब्धि है।

डीआईजी राजेश अग्रवाल ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह जीत केवल एक पदक नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और अटूट आत्मविश्वास की शानदार मिसाल है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता छत्तीसगढ़ के युवाओं, खिलाड़ियों और पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी भारत और छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्णिम इतिहास लिखेंगी तथा नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देती रहेंगी।

राष्ट्रमंडल खेलों के मंच पर चमका यह रजत पदक आज पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button