पत्थलगांव बनेगा राममय! 30 जुलाई से अग्रसेन भवन में गूंजेगी श्रीराम कथा, अयोध्या धाम की सुप्रसिद्ध कथावाचिका इंदुमती रामायणी करेंगी अमृतवर्षा भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, वैदिक विद्वानों के सान्निध्य में सामूहिक रुद्राभिषेक, श्री अनुरागशरण जी महाराज का पावन सान्निध्य रहेगा विशेष आकर्षण



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। श्रावण मास के पावन अवसर पर पत्थलगांव एक बार फिर पूरी तरह राममय होने जा रहा है। अग्रवाल समाज पत्थलगांव के तत्वावधान में 30 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक अग्रसेन भवन में भव्य नव दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा प्रेमयज्ञ एवं वैदिक विद्वानों द्वारा सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। इस दिव्य आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
आयोजन की शुरुआत 30 जुलाई को दोपहर 3 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। श्रद्धालु महिलाओं एवं भक्तों की विशाल सहभागिता के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में रंग देगी।

राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बालसंत श्री अनुरागशरण जी महाराज का पावन सान्निध्य इस आयोजन की विशेष गरिमा बढ़ाएगा, जबकि अयोध्या धाम की अंतरराष्ट्रीय श्रीराम कथा वाचिका श्रद्धेया इंदुमती रामायणी जी अपनी मधुर वाणी से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का रसपान कराएंगी। माना जा रहा है कि उनकी कथा सुनने के लिए पत्थलगांव ही नहीं बल्कि आसपास के अनेक शहरों और गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे।
प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। वहीं 7 अगस्त को हवन, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण के साथ इस भव्य धार्मिक आयोजन का समापन किया जाएगा।
नगर में जगह-जगह लगाए गए विशाल पोस्टर और बैनर श्रद्धालुओं को कथा में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं। पूरा शहर धार्मिक रंग में रंगता नजर आ रहा है और कथा प्रेमियों में आयोजन को लेकर विशेष उत्सुकता दिखाई दे रही है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए अग्रवाल समाज पत्थलगांव, अग्रवाल महिला मंडल एवं नवयुवक समिति द्वारा अग्रसेन भवन में व्यापक एवं सुचारु व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा का श्रवण करने तथा सामूहिक रुद्राभिषेक में सहभागिता का आग्रह किया है।
श्रावण मास में आयोजित यह आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, आस्था और धर्म का अनुपम संगम साबित होने जा रहा है।