


मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव में साइबर ठगों ने एक बार फिर अपनी शातिर करतूत से लोगों को दहला दिया है। इस बार ठगों के निशाने पर भाजपा की एक महिला नेत्री का परिवार आया, जहां UPI के जरिए बैंक खातों से ₹3,82,937 की बड़ी रकम पार कर दी गई। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर वार्ड क्रमांक-4 निवासी वीरेन्द्र नाथ विश्वास ने थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई है कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने उनके दो बैंक खातों से अलग-अलग UPI ट्रांजेक्शन कर लाखों रुपये निकाल लिए।
शिकायत के मुताबिक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के खाते से 14 जुलाई 2026 को ₹85,025 की निकासी की गई, जबकि बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से ₹98,512, ₹99,900 और ₹99,500 की तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम उड़ा ली गई। देखते ही देखते कुल ₹3,82,937 खाते से गायब हो गए।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने इस तरह का कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने किसी तकनीकी या डिजिटल धोखाधड़ी के जरिए UPI का दुरुपयोग कर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और ठगी गई पूरी राशि वापस दिलाने की मांग की है। पत्थलगांव पुलिस ने आवेदन के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने के लिए ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।
फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों को ऑनलाइन लेन-देन में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।