रिकॉर्ड बिखरे, मालखाना अव्यवस्थित, साफ-सफाई पर भी सवाल… वार्षिक निरीक्षण में कई कमियां उजागर, डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिए सख्त निर्देश।

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव

जशपुर जिले के बगीचा थाना के वार्षिक निरीक्षण के दौरान उस समय माहौल गंभीर हो गया, जब डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को थाना रिकॉर्ड, मालखाना और शासकीय संपत्ति के रख-रखाव में कई खामियां मिलीं। अव्यवस्था देखकर उन्होंने थाना प्रभारी और मोहर्रिर को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और सभी कमियों को तत्काल दूर करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम अपराध पुस्तिका, जरायम रजिस्टर, जप्ती माल, लंबित अपराध, शिकायतों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की गई। रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं दिखनी चाहिए।

डीआईजी-एसएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना और कार्यालयीन व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना हमेशा स्वच्छ, व्यवस्थित और आम जनता के लिए सकारात्मक माहौल वाला होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान लंबित अपराधों और शिकायतों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि हर शिकायत पर त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई हो तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

इसके साथ ही गुंडा-बदमाशों की नियमित निगरानी, प्रभावी गश्त, मजबूत बीट पुलिसिंग, पुलिस मितानों के साथ समन्वय, जन चौपाल की शिकायतों का त्वरित निराकरण, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई और साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता के साथ विनम्र व्यवहार, पारदर्शी कार्यप्रणाली, जवाबदेही और अनुशासन ही बेहतर पुलिसिंग की पहचान है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों का पुलिस पर भरोसा मजबूत करना ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button