अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, अग्रवाल सभा एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सेवा कार्य, शिक्षा को बढ़ावा देने का लिया संकल्पअग्रवाल समाज ने बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, स्कूल में छाता, कॉपी, पेन व चॉकलेट का किया वितरण



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव।
समाज सेवा एवं शिक्षा को प्रोत्साहित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (जशपुर इकाई), अग्रवाल सभा पत्थलगांव एवं अग्रवाल महिला मंडल पत्थलगांव के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बालक प्राथमिक शाला, बाजारपारा, जशपुर रोड, पत्थलगांव में अध्ययनरत बच्चों के लिए सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों को छाता, कॉपी, पेन एवं चॉकलेट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अनुशासन एवं संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उपयोगी अध्ययन सामग्री एवं छाते पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिवार ने भी अग्रवाल समाज द्वारा किए गए इस सामाजिक सरोकार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जशपुर जिला इकाई के जिलाध्यक्ष रमेश गोयल (पप्पल) ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने में भी सदैव अग्रणी रहा है। भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
महिला मंडल की अध्यक्ष सुमन अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने कहा कि महिला मंडल सदैव शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आगे भी महिला मंडल समाजहित के ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।
इस अवसर पर सरगुजा संभागीय अग्रवाल सभा अध्यक्ष पवन अग्रवाल,अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला महामंत्री प्रयागराज अग्रवाल सुशील बालाजी, रामलाल अग्रवाल, नरेश झलक ,अनिल अग्रवाल ,हेमंत लुडेग ,भीम गोयल, कृष्ण गर्ग सहित अग्रवाल महिला मंडल की सचिव श्रीमती पुष्पा मित्तल, कोषाध्यक्ष नेहा गोयल, उपाध्यक्ष श्वेता गोयल, मीना गोयल, सह सचिव मंजू जिंदल, सह कोषाध्यक्ष रीता अग्रवाल, संरक्षक चंद गर्ग, अर्चना गर्ग, उर्मिला गर्ग, मंजू गर्ग, कुसुम गर्ग, मीरा गोयल, ललित बंसल सहित महिला मंडल की अनेक सदस्य एवं समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं शैक्षणिक सहयोग कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।