44 लाख की शिकायत बनी करोड़ों के घोटाले की चाबी, पुलिस के हत्थे चढ़ा मास्टरमाइंड मुनाफे का सपना दिखाकर करोड़ों डकार गया शातिर, स्कॉर्पियो-बोलेरो समेत करोड़ों की ठगी का भंडाफोड़ वाहन और जमीन के नाम पर बिछाया ठगी का जाल, 10-15 लोग बने शिकार, पुलिस जांच में रोज खुल रहे नए राज

 

 

Mukesh agrawal

रायगढ़। वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन की दलाली के नाम पर लोगों के सपनों पर डाका डालने वाले एक कथित ‘महाठग’ को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा खुलासा किया है। शुरुआत महज 44.40 लाख रुपये की शिकायत से हुई, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो ठगी का ऐसा जाल सामने आया कि अब तक 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस का दावा है कि पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है और यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

गाड़ी का लालच, जमीन का झांसा… और करोड़ों की ठगी

ग्राम पड़िगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू पहले लोगों को वाहन खरीदी-बिक्री में मोटा मुनाफा दिलाने का सपना दिखाता था। जब निवेशकों ने अपने रुपये वापस मांगे तो उसने जमीन बेचकर भुगतान करने का भरोसा दिया। इतना ही नहीं, जमीन का सौदा भी कर लिया, लेकिन बाद में उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी और के नाम कर दी। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ हुई करोड़ों की ठगी का एहसास हुआ।

44 लाख से शुरू हुई जांच, खुल गया करोड़ों का खेल

शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन और सुरेश मानिकपुरी से आरोपी ने कुल 44 लाख 40 हजार रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से ऐंठ लिए। तमनार पुलिस ने जब गहराई से जांच की तो पता चला कि आरोपी ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह लाखों रुपये वसूले हैं। अब तक 10 से 15 पीड़ितों से 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी सामने आ चुकी है।

पुलिस का शिकंजा, स्कॉर्पियो और बोलेरो जब्त

थाना तमनार पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार साहू (38) को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो और बोलेरो (करीब 20 लाख रुपये मूल्य) जब्त कर ली गई हैं। पुलिस अब आरोपी की अन्य संपत्तियों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह ने साफ कहा कि “आर्थिक अपराध करने वालों को सिर्फ जेल ही नहीं, उनकी अवैध कमाई का भी पूरा हिसाब देना होगा। किसी भी ठग को बख्शा नहीं जाएगा।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button