पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह की तगड़ी कार्यवाही 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का ‘ऑपरेशन CCTV’! 3 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

 

मुकेश अग्रवाल

बगीचा। जशपुर जिले के बगीचा में लाखों रुपये की मोबाइल चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने फिल्मी अंदाज में खुलासा कर दिया। कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर करीब ₹18.75 लाख कीमत के 93 मोबाइल फोन उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 3 विधि से संघर्षरत बालकों सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹10 लाख कीमत के 47 मोबाइल फोन, चोरी की नगदी और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की यामाहा एमटी बाइक जब्त की है। एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

CCTV बना सबसे बड़ा गवाह, तकनीक से चोरों तक पहुंची पुलिस

21-22 जुलाई की दरमियानी रात बगीचा बस स्टैंड के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर चोर लाखों का माल समेट ले गए थे। सुबह दुकान खुलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना बगीचा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर कुछ ही समय में आरोपियों तक पहुंच गई।

आधे से ज्यादा मोबाइल बरामद, बाकी की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों से 47 मोबाइल फोन, ₹600 नगद और वारदात में इस्तेमाल यामाहा एमटी बाइक बरामद की गई है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और शेष चोरी गए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

नाबालिग भेजे गए बाल संप्रेषण गृह

मामले में पकड़े गए तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया, जबकि बालिग आरोपी अभिषेक प्रजापति को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना

पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button