रामनवमी पर पत्थलगांव में निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्री राम के नारों से गूंजा नगर

सैकड़ों रामभक्तों ने भगवा वस्त्र धारण कर लिया हिस्सा, आकर्षक झांकियों और डीजे की धुनों ने बनाया माहौल भक्तिमय

मुकेश अग्रवाल/पत्थलगांव

पवित्र पर्व रामनवमी के अवसर पर नगर में आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। स्थानीय सतनारायण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों रामभक्त भगवा वस्त्र धारण कर शामिल हुए और जय श्री राम के गगनभेदी नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।

भव्य झांकी और शोभायात्रा का दृश्य — रामनवमी के अवसर पर पत्थलगांव में निकली शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु,

 

शोभायात्रा की शुरुआत सतनारायण मंदिर में पंडित भक्ता महाराज द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके बाद रामनवमी समिति के नवीन गर्ग, राम शर्मा, मुकेश रामलाल, आलोक अग्रवाल, मुकेश लॉटरी, दिनेश अग्रवाल सहित सभी सदस्यों ने भगवान राम की पूजा कर शोभायात्रा को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया।

यह भव्य यात्रा जशपुर रोड, रायगढ़ रोड और अंबिकापुर रोड से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते श्रद्धालु और जय श्री राम के नारों से पूरा नगर भक्ति के रंग में रंग गया।

बाहर से आए कलाकारों की झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। नंदी पर विराजमान भगवान शंकर-पार्वती, रामभक्त हनुमान जी, संजीवनी लिए बंदरों की टोली और भालू के रूप में सजे कलाकारों ने अपनी कला का अद्भुत प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

शोभायात्रा का समापन पुनः सतनारायण मंदिर में होगा, जहां भगवान राम की महाआरती के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।

Related Articles

Back to top button