एक मामूली घरेलू विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए बिखेर दिया — जहां गुस्से की एक चिंगारी ने रिश्तों की डोर को खून से रंग दिया।

घरेलू विवाद बना खून का खेल — बेटे ने गुस्से में पिता को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
पत्थलगांव /मुकेश अग्रवाल
जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तों की मर्यादा उस वक्त टूट गई जब एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी।
ग्राम हल्दी झरिया, बढ़ई पारा में 16 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे घरेलू विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि बाप-बेटे के बीच कहासुनी खून-खराबे में बदल गई। आरोप है कि विजय नाग ने गुस्से में आकर पास में रखी लकड़ी की फाड़ी उठाई और अपने पिता सदानंद नाग के सिर व माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
वार इतने गंभीर थे कि सदानंद नाग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही बागबहार पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों ने शुरुआती रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत की वजह बताया है।
मृतक की पत्नी, जो आरोपी की सौतेली मां है, ने बताया कि अक्सर घर में विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी इसी बात पर बहस बढ़ी और गुस्से में आकर बेटे ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी विजय नाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लकड़ी की फाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर 18 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा सहित पुलिस टीम की अहम भूमि
का रही।




