पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह के ऑपरेशन शंखनाद का बड़ा धमाका: ट्रक से 38 गौवंश मुक्त, चालक फरार

ऑपरेशन शंखनाद का बड़ा धमाका: ट्रक से 38 गौवंश मुक्त, चालक फरार
कांसाबेल /मुकेश अग्रवाल
जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार तस्करों पर भारी पड़ रहा है। इसी कड़ी में थाना कांसाबेल क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी कर ले जाए जा रहे 38 गौवंशों को एक ट्रक से मुक्त कराया। हालांकि मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
➡️ क्या है पूरा मामला?
दिनांक 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक (क्रमांक JH-02-BM-4221) में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर नेशनल हाईवे-43 के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेला घाट में नाकाबंदी कर दी।
जैसे ही संदिग्ध ट्रक नजर आया, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार में भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद चालक ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक छोड़कर जंगल में भाग निकला।
➡️ ट्रक में मिला दिल दहला देने वाला नजारा
जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो ट्रॉली को भूरे रंग की तिरपाल से ढंका हुआ पाया गया। तिरपाल हटाने पर अंदर 38 गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले, जिनकी हालत बेहद दयनीय थी।
सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
➡️ ट्रक जब्त, केस दर्ज
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➡️ टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, एएसआई नीता कुर्रे सहित पुलिस टीम के कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने साफ कहा—
“गौ तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”




