“ऑपरेशन आघात का वार! पिठ्ठू बैग में 15 लीटर अंग्रेजी शराब लेकर निकला 21 साल का युवक, कोतबा पुलिस ने रास्ते में दबोचा”

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव/कोतबा। जशपुर पुलिस के “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान में चौकी कोतबा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पिठ्ठू बैग में अंग्रेजी शराब भरकर बिक्री के लिए ले जा रहे 21 वर्षीय युवक को धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की 60 नग शीशियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 15 लीटर 100 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹11,625 बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MV-1725 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

मुखबिर की सूचना, गैस गोदाम के पास घेराबंदी

दिनांक 27 सितंबर 2026 को चौकी कोतबा पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक पिठ्ठू बैग में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर कोतबा से ग्राम गोलियागढ़ की ओर बिक्री के लिए जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और कोतबा स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस के घेरे में आ गया। पूछताछ में उसकी पहचान केतन बंजारा (21), निवासी गोलियागढ़, माझापारा, चौकी कोतबा के रूप में हुई।

बैग खुला तो निकली शराब की खेप

पुलिस ने पिठ्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग कंपनियों की सीलबंद शराब मिली। बरामदगी में—

05 नग सिम्बा बीयर — 675 एमएल प्रत्येक

05 नग मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की — 375 एमएल प्रत्येक

05 नग इंपीरियल ब्लू व्हिस्की — 375 एमएल प्रत्येक

25 नग सीजी टाइन व्हिस्की — 180 एमएल प्रत्येक

20 नग ब्लफ मास्टर व्हिस्की — 180 एमएल प्रत्येक

कुल 60 नग शीशियां और 15 लीटर 100 एमएल शराब पुलिस ने जब्त की।

आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर लिया।

शराब के साथ बाइक भी जब्त

पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल CG-14-MV-1725 को भी जब्त किया। मामले में आरोपी केतन बंजारा के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस के अनुसार पर्याप्त अपराध साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, सहायक उप निरीक्षक अपलेजर खेस, आरक्षक दिलीप नाग, सुभाष पैंकरा एवं अमित साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ऑपरेशन आघात के तहत कोतबा पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की लगातार नजर और कार्रवाई को दर्शाती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button