पत्थलगांव में डबल मर्डर का रहस्य बरकरार, 4 महीने बाद भी आरोपी पुलिस पहुंच से बाहर— लोगों में बढ़ता आक्रोश

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित डबल मर्डर मामले में चार महीने बीत जाने के बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस अब तक केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन हत्यारों तक पहुंचने में कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।
जमीन विवाद से शुरू हुआ खूनी संघर्ष
मामला 30 अक्टूबर 2025 की रात का है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद ने उस रात हिंसक रूप ले लिया और चक्रो यादव तथा पुस्तम उर्फ नान्हू नागवंशी की टांगी से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। हत्या के बाद यादव समाज के लोगों ने करीब दो घंटे तक सड़क पर चक्का जाम कर विरोध जताया था। उस समय पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, लेकिन अब चार महीने गुजर जाने के बावजूद मामले में ठोस प्रगति नजर नहीं आ रही है।
समाज के लोगों में बढ़ रहा असंतोष
नागवंशी समाज के अध्यक्ष आनंद नाग ने बताया कि समाज की ओर से कई बार पुलिस अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से आवेदन दिया गया, लेकिन हर बार सिर्फ जांच का भरोसा ही मिला।
उनका कहना है कि इतने गंभीर हत्या मामले में पुलिस की सुस्ती से समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
वहीं उरांव समाज के संरक्षक नेहरू लकड़ा ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोहरे हत्याकांड के चार महीने बाद भी आरोपियों तक न पहुंच पाना पुलिस की नाकामी को दर्शाता है।
दूसरी हत्या भी बनी पहेली
इसी बीच पत्थलगांव क्षेत्र में एक और हत्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। 9 मार्च 2026 को केरा कछार गांव की रहने वाली 70 वर्षीय शांति यादव, जो घर पर अकेली रहती थीं, उनकी भी अज्ञात हमलावर ने हत्या कर दी।
घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी इस मामले की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा
जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और जल्द ही इसकी गंभीरता से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
अब सबकी नजर पुलिस पर
लगातार दो हत्या मामलों के अनसुलझे रहने से पत्थलगांव क्षेत्र के नागरिकों में बेचैनी और गुस्सा दोनों बढ़ रहे हैं। लोग अब यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर कब पुलिस इन हत्याओं से पर्दा उठाएगी और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।
फिलहाल क्षेत्र के लोग न्याय की आस में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।




