


मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह 2026 को लेकर पत्थलगांव का अग्रवाल समाज पूरी तरह उत्सवी रंग में रंगने लगा है। नौ दिवसीय भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही रविवार को अग्रसेन भवन में ‘अग्र उत्सव’ पत्रिका का विमोचन एवं डिजिटल PDF लॉन्चिंग किया गया। भगवान महाराजा अग्रसेन जी की आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद आगामी जयंती समारोह की रूपरेखा समाजजनों के सामने रखी गई।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल, सचिव मनमोहन गोयल, सरगुजा संभागीय अग्रवाल सभा अध्यक्ष पवन अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष परशुराम अग्रवाल, संरक्षक मुरारी अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, भीमराज गोयल, सुनील अग्रवाल तथा अग्रवाल महिला मंडल अध्यक्ष सुमन अग्रवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
भाईचारे के साथ भव्य आयोजन का आह्वान
अग्रवाल सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती समाज की एकता, भाईचारे और सामाजिक सहभागिता का पर्व है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से मिल-जुलकर जयंती को भव्यता के साथ मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अग्रवाल नवयुवक समिति द्वारा कई नए कार्यक्रम जोड़े गए हैं, जिनमें अग्र प्रो कबड्डी, जाट-जाटनी एक्ट प्रतियोगिता और अग्र मैराथन प्रमुख हैं।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि कार्यक्रमों की सफलता समाज की सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।

शोभायात्रा में ‘स्वच्छता’ का संदेश भी देगा अग्रवाल समाज
अग्रवाल महिला मंडल अध्यक्ष सुमन अग्रवाल ने शोभायात्रा को भव्य बनाने के साथ-साथ उसे स्वच्छता का संदेश देने वाला आयोजन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान समाज के लोगों के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इसके बाद बोतल, प्लेट एवं अन्य कचरा सड़क पर नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने समाजजनों से अपील की कि शोभायात्रा के दौरान ‘उत्सव भी, स्वच्छता भी’ की भावना के साथ कचरे को निर्धारित स्थान पर एकत्रित किया जाए। उन्होंने महिलाओं से भी बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
पत्थलगांव की अग्रसेन जयंती की अलग पहचान—पवन अग्रवाल
सरगुजा संभागीय अग्रवाल सभा अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के बताए मार्ग पर चलते हुए जयंती समारोह को भव्यता और सामाजिक एकता के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पत्थलगांव की अग्रसेन जयंती अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरगुजा संभागीय समिति की ओर से छत्तीसगढ़ में अग्रसेन जयंती के आयोजन को लेकर पुरस्कार की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने को लेकर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अग्रवाल सभा की ओर से आभार ज्ञापन भेजने की बात कही।


नवयुवक समिति ने संभाली कमान, नए कार्यक्रमों से बढ़ेगा उत्साह
अग्रवाल नवयुवक समिति के अध्यक्ष नेहल अग्रवाल ने कहा कि समिति द्वारा इस वर्ष कई नए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता के बिना कोई भी आयोजन पूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने युवाओं और समाजजनों से प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी कार्यक्रम को लेकर किसी सदस्य को कोई शिकायत या सुझाव हो तो उसे आपसी समन्वय के साथ अग्रवाल सभा अध्यक्ष के समक्ष रखा जाए, ताकि मिल-बैठकर उसका समाधान किया जा सके।

3 से 11 अक्टूबर तक चलेगा नौ दिवसीय अग्र उत्सव
पत्थलगांव में इस वर्ष 3 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक नौ दिवसीय महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा।
3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे अग्रसेन चौक में महाराजा अग्रसेन जी की आरती के साथ समारोह का शुभारंभ होगा। इसके बाद अग्रसेन चौक से अग्रसेन जी की ध्वजा-पताका के साथ अग्र बंधु पैदल मार्च करते हुए अग्रसेन भवन पहुंचेंगे, जहां आरती के साथ आगे के कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दिन अग्र मंगल पाठ सहित विभिन्न आयोजन होंगे।
8 अक्टूबर को अग्र मैराथन, 10 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से भव्य शोभायात्रा तथा 11 अक्टूबर को समापन अवसर पर भव्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नौ दिनों के दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों की भी श्रृंखला चलेगी।
‘अग्र उत्सव’ पत्रिका बनेगी पूरे आयोजन की गाइड
‘अग्र उत्सव’ पत्रिका में महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के प्रमुख कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और आयोजन की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसके डिजिटल PDF संस्करण की लॉन्चिंग भी की गई, ताकि समाज का प्रत्येक सदस्य अपने मोबाइल पर कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं सहभागिता संबंधी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला मंडल एवं अग्रवाल नवयुवक समिति के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। नवयुवक समिति की ओर से यश अग्रवाल, नमन अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, आर्यन अग्रवाल, देवांश अग्रवाल, प्रियश अग्रवाल, वीर अग्रवाल, अक्षत अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, विशेष अग्रवाल, सोमिल अग्रवाल एवं निहार अग्रवाल सहित समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज के अनेक वरिष्ठजन, महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्य तथा समाज के युवा बड़ी
संख्या में मौजूद रहे।