


मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। स्वस्थ भारत–सशक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार सुबह पत्थलगांव में “सेवा मेरा योगदान” वॉकथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन जशपुर के आयोजन में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्कूली छात्राओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई वॉकथॉन रैली में पत्थलगांव एसडीएम क्षितिज गुरभेले, एसडीओपी धुर्वेश जायसवाल, नगर पंचायत सीएमओ जावेद खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कमलेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्कूली छात्राएं शामिल हुए।


रैली अंबिकापुर रोड, रायगढ़ रोड और जशपुर रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में जागरूकता संदेश लिए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ स्वास्थ्य और सेवा का संदेश दिया। रैली के दौरान “चलेंगे, दौड़ेंगे, रहेंगे स्वस्थ” और “करेंगे योग तो रहेंगे निरोग” जैसे नारों से पूरा शहर गूंजता रहा।
अधिकारी भी बने जागरूकता अभियान का हिस्सा
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी आम लोगों के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। वॉकथॉन के माध्यम से लोगों को नियमित पैदल चलने, दौड़ने, योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
“सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने सुबह-सुबह पत्थलगांव की सड़कों पर स्वास्थ्य, अनुशासन और जनभागीदारी का माहौल बना दिया। स्कूली छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम में खास ऊर्जा भर दी।