गोमती साय बोलीं—“विधायक कम, कार्यकर्ता ज्यादा हूं”, अस्पताल की बदहाली से जिला बनाने तक खुलकर रखी बात मोदी के गुजरात की जिम्मेदारी, पत्थलगांव के अस्पताल की भी चिंता! गोमती साय का बड़ा बयान

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। भारतीय जनता पार्टी ने पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी बनाकर उनके संगठनात्मक दायरे को छत्तीसगढ़ से बाहर तक बढ़ा दिया है। गुजरात में तरुण चुघ को प्रभारी तथा गोमती साय और दिल्ली विधायक अजय महावर को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शुक्रवार को विधायक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोमती साय ने संगठन की जिम्मेदारी से लेकर पत्थलगांव के स्थानीय मुद्दों तक खुलकर अपनी बात रखी।

“छोटे से गांव की बेटी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी, मेरे लिए गर्व की बात”

गोमती साय ने कहा कि एक छोटे से गांव की बेटी और छोटी सी कार्यकर्ता को भाजपा ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, यह उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा किया है और अब इस भरोसे को जिम्मेदारी के साथ निभाना उनका दायित्व है।

उन्होंने कहा कि पत्थलगांव विधानसभा उनके लिए लकी रही है। यहां की जनता ने उन पर विश्वास जताया है और गुजरात का दायित्व मिलने के बावजूद पत्थलगांव के प्रति उनकी जिम्मेदारी कम नहीं होगी।

“विधायक कम, कार्यकर्ता ज्यादा हूं”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोमती साय ने अपने राजनीतिक सफर और संगठन के प्रति अपनी भूमिका को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को विधायक से ज्यादा भाजपा की कार्यकर्ता मानती हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक छोटे से कार्यकर्ता पर भरोसा करते हुए गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है। गुजरात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह राज्य है और वहां संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलना उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में वे संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम करेंगी।

अस्पताल की बदहाली पर भी बोलीं गोमती साय

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्थलगांव सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं का मुद्दा भी सामने आया। अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, ब्लड बैंक की मांग और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने और मौजूद कमियों को दूर करने के लिए जल्द काम किया जाएगा।

पत्थलगांव जिला बनाने की मांग पर भी खुला पत्ता

पत्थलगांव को जिला बनाने की लंबे समय से उठ रही मांग पर भी गोमती साय ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिला निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने से पहले ठोस कार्ययोजना तैयार करने की जरूरत है।

उन्होंने संकेत दिया कि आवश्यक बिंदुओं पर विचार करते हुए व्यवस्थित योजना तैयार की जाएगी और इसके बाद पत्थलगांव जिला बनाने की मांग को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

विधायक निवास पर आतिशबाजी, फूलमालाओं से स्वागत

गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी बनाए जाने के बाद विधायक गोमती साय के विधायक निवास पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। भारी आतिशबाजी और फूलमालाओं के बीच विधायक निवास भाजपा कार्यकर्ताओं से खचाखच भर गया। नई जिम्मेदारी को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेताओं का जमावड़ा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह भाटिया, सुनील अग्रवाल, अनिल मित्तल, रामनिवास जिंदल, प्रदीप गुप्ता, शहर मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, मधुसूदन अग्रवाल, प्रवीण गर्ग, विकास अग्रवाल, अवधेश गुप्ता, रूपसिंह राठिया, सुनील गर्ग, जीतू अग्रवाल, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष मोसम अग्रवाल, श्यामू शर्मा, कृश तिग्गा, अरुण यादव, कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गुजरात की नई जिम्मेदारी के साथ गोमती साय का संगठनात्मक दायरा अब छत्तीसगढ़ से बाहर तक पहुंच गया है, वहीं उनके बयानों से साफ है कि स्थानीय स्तर पर पत्थलगांव के अस्पताल और जिला बनाने जैसे मुद्दे भी उनकी प्राथमिकताओं में बने रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button