


मुकेश अग्रवाल
। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के बिहारी ढाबा में पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट और अशोभनीय आचरण की शिकायत ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है।
प्रथम दृष्टया कर्तव्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं आरक्षक विजय राठिया को रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता रायगढ़ एसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि 23 सितंबर की रात धरमजयगढ़ थाने के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित अन्य पुलिसकर्मी उसके ढाबे पर पहुंचे और विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई।
शिकायत मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ करने के साथ शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना गया। प्रारंभिक परीक्षण में पुलिसकर्मियों के आचरण एवं कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही सामने आने पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए एसएसपी ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीओपी को मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
जांच रिपोर्ट बताएगी पूरी कहानी
पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक स्तर पर सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। प्राथमिक जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल इस कार्रवाई से यह संदेश जरूर गया है कि वर्दी की आड़ में अनुशासनहीनता या आम नागरिकों के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर पुलिस विभाग सख्ती बरतने के मूड में है।