


मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। अग्रवाल समाज पत्थलगांव इस वर्ष जयंती को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी में जुट गया है। आगामी 3 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक नौ दिवसीय अग्रसेन जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा के नवनियुक्त अध्यक्ष अनिल मित्तल एवं सचिन मनमोहन गोयल की उपस्थिति में बैठक आयोजित हुई, जिसमें पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि इस बार अग्रसेन जयंती समारोह का आयोजन नौ दिनों तक चलने वाला उत्सव होगा। अग्रसेन भवन में प्रतिदिन महिलाओं, बच्चों एवं पुरुषों के लिए विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन को लेकर समाज के युवाओं की टीम भी सक्रिय है और कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
3 अक्टूबर को होगा भव्य शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे अग्रसेन चौक पर श्री अग्रसेन जी की आरती एवं जयंती समारोह के साथ होगा। इसी दिन सायं 3 बजे अग्र मंगल पाठ महिला मंडल द्वारा किया जाएगा।
8 अक्टूबर को दौड़ेगा पत्थलगांव — अग्र मैराथन
जयंती समारोह के दौरान 8 अक्टूबर को अग्र मैराथन का आयोजन किया जाएगा। युवाओं और समाज के सदस्यों की भागीदारी से होने वाला यह आयोजन समारोह में विशेष आकर्षण रहेगा।
10 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
अग्रसेन जयंती समारोह का सबसे प्रमुख आकर्षण 10 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। शोभायात्रा दोपहर 2 बजे से निकाली जाएगी। समाज द्वारा शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।
11 अक्टूबर को मंचीय कार्यक्रम के साथ होगा समापन
नौ दिवसीय आयोजन का समापन 11 अक्टूबर को अग्रसेन जयंती समारोह एवं भव्य मंचीय कार्यक्रम के साथ होगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किए जाने सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
युवा टीम ने संभाली आयोजन की कमान
आयोजन को सफल बनाने के लिए अग्रवाल समाज के युवाओं की टीम लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर विभिन्न जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। समाज की ओर से समस्त अग्रबंधुओं से नौ दिवसीय आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आग्रह किया गया है।
अग्रवाल समाज का कहना है कि महाराजा अग्रसेन के एकता, सेवा, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस वर्ष जयंती समारोह को विशेष रूप दिया जा रहा है।
3 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक पत्थलगांव में अग्रसेन जयंती का रंग चढ़ेगा और 10 अक्टूबर की भव्य शोभायात्रा इस उत्सव का मुख्य आकर्षण बनेगी।