


मुकेश अग्रवाल
जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने आधी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से ले जाए जा रहे 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया, जबकि दूसरे पिकअप का चालक पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 की देर रात सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध पिकअप वाहनों में गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर भरकर कुनकुरी की ओर से जशपुर होते हुए झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चांपा टोली के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान गौ सेवक भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
पहला पिकअप रुका, चार गौवंश बरामद
रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कुनकुरी की ओर से पिकअप क्रमांक JH 07M 9843 आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें चार गौवंश लदे मिले।
वाहन में बैठे दो युवकों से गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उनकी पहचान आर्यन उम्र 20 वर्ष, निवासी आगडीह महुआ टोली और राकेश राम उम्र 28 वर्ष, निवासी पैकु, थाना सिटी कोतवाली जशपुर के रूप में हुई।
पीछे से आया दूसरा वाहन, पुलिस को देखते ही चालक फरार
पुलिस की कार्रवाई चल ही रही थी कि कुछ दूरी पर दूसरा पिकअप CG 13BB 8096 भी दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसका चालक वाहन छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भी चार गौवंश लदे मिले। इस तरह पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 8 गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया।
धाराओं में मामला दर्ज, दो आरोपी जेल भेजे
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया है।
विवेचना के दौरान पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, पीएसआई जितेंद्र, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक राम प्रताप यादव और नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।