अग्र महाकुंभ में चला पत्थलगांव का सुझाव, सीएम साय ने लगा दी मुहर

अग्रसेन जयंती पर छत्तीसगढ़ में अब रहेगा सार्वजनिक अवकाश, सीएम साय की घोषणा से अग्रवाल समाज में खुशी की लहर

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। महाराजा अग्रसेन की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की लंबे समय से चली आ रही मांग को अब छत्तीसगढ़ में मंजूरी मिल गई है। अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ-2026 के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रसेन जयंती पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। घोषणा होते ही अग्र महाकुंभ का पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पत्थलगांव के सुझाव ने पकड़ा प्रदेशव्यापी मुद्दे का रूप

 

इस घोषणा के पीछे पत्थलगांव अग्रवाल सभा द्वारा अग्र महाकुंभ में रखे गए सामाजिक सुझावों को भी महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। पत्थलगांव अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनिल मित्तल, पूर्व अध्यक्ष परशुराम अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी मुकेश अग्रवाल ने अग्र महाकुंभ में विचार-मंथन के दौरान महाराजा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग प्रमुखता से रखी थी।

अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों के बीच इस मांग को व्यापक समर्थन मिला। इसके बाद अग्रवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने भी मंच से मुख्यमंत्री के सामने अग्रसेन जयंती पर अवकाश की मांग रखी। मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में इस मांग पर घोषणा करते हुए इसे सार्वजनिक अवकाश के रूप में स्वीकार करने की बात कही।

घोषणा होते ही गूंजा पूरा पंडाल

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अग्र महाकुंभ में मौजूद समाजजनों में उत्साह देखने को मिला। तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभागार “अग्रसेन महाराज की जय” के नारों से गूंज उठा। अग्रवाल समाज के लिए यह घोषणा सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण मांग के पूरा होने के रूप में देखी जा रही है।

अवकाश के साथ पाठ्यक्रम में भी अग्रसेन जी की जीवनी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराजा अग्रसेन की जीवनी को माध्यमिक स्तर के पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए प्रस्ताव रखने की बात भी कही। उन्होंने अग्रवाल समाज की सामाजिक सेवा, परोपकार और जनकल्याण की गतिविधियों की सराहना की।

अग्र महाकुंभ में सामाजिक कुरीतियों और परंपराओं पर भी मंथन

अग्र महाकुंभ में समाज के विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। शोक संतप्त परिवारों के लिए अग्रवाल सभा द्वारा भोजन व्यवस्था, पगड़ी रस्म, शोक सभा में मेवा-सिक्के देने की परंपरा, सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च तथा विवाह समारोहों में व्यंजनों की संख्या सीमित करने जैसे विषयों पर समाजजनों ने अपने सुझाव रखे।

पत्थलगांव अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों ने भी सामाजिक सुधार और समाज को अधिक व्यवस्थित एवं सहयोगी बनाने से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे।

पत्थलगांव अग्रवाल सभा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा के बाद पत्थलगांव अग्रवाल सभा में खुशी का माहौल है। सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल, पूर्व अध्यक्ष परशुराम अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी मुकेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अग्र महाकुंभ में रखे गए इस महत्वपूर्ण विचार को मंच से स्वीकृति मिलना पूरे अग्रवाल समाज के लिए प्रसन्नता का विषय है।

अग्रवाल समाज के लोगों का कहना है कि महाराजा अग्रसेन के नाम से जुड़ी जयंती को प्रदेश स्तर पर सार्वजनिक अवकाश मिलना समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने की दिशा में महत्व

पूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button