


रेंगती मौत का कहर! नींद में महिला को करैत सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचते ही थमीं सांसें
जशपुर में बारिश के साथ फिर बढ़ा सर्पदंश का खौफ, सीतापुर क्षेत्र की प्रमिला केरकेट्टा की इलाज के दौरान मौत
पत्थलगांव। जशपुर जिले में बारिश शुरू होते ही सर्पदंश की घटनाओं का सिलसिला एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। नागलोक के नाम से चर्चित इस इलाके में जहरीले सांपों का खतरा ग्रामीणों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। ताजा मामला सीतापुर थाना क्षेत्र के लिचिरमा-जोगडांड गांव से सामने आया है, जहां घर में सो रही एक महिला को जहरीले करैत सांप ने डस लिया।
जानकारी के अनुसार प्रमिला केरकेट्टा अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान करैत सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान प्रमिला केरकेट्टा ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। बारिश के मौसम में घरों के आसपास जहरीले सांपों की मौजूदगी बढ़ने से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामला कायम कर विवेचना में लिया है। वहीं, सर्पदंश की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने बारिश के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और तत्काल उपचार की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।
बारिश की बूंदें गिरीं और फिर शुरू हुआ ‘रेंगती मौत’ का खतरा—जशपुर में सर्पदंश ने एक और जिंदगी निगल ली।