दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि पर मानवता की मिसाल, रक्तदान के लिए उमड़ा पत्थलगांव ब्रह्माकुमारी बहनों सहित शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, शिविर में अब तक 30 यूनिट रक्त संग्रह



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव।
दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, पत्थलगांव द्वारा शोभा सिंह कॉलोनी स्थित केंद्र में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा और जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही रक्तदान करने वालों की कतार केंद्र पर नजर आई।

समाचार लिखे जाने तक शिविर में 30 यूनिट रक्तदान किया जा चुका था, जबकि कई अन्य लोगों ने रक्तदान के लिए अपना पंजीयन कराया। इससे साफ नजर आया कि पत्थलगांव में सेवा और मानवता की भावना कितनी मजबूत है।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन नीलू ने बताया कि रक्तदान शिविर में ब्रह्माकुमारी बहनों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हुए स्वयं रक्तदान किया। इसके साथ ही पत्थलगांव के भाई-बहनों ने भी आगे आकर रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभाली जिम्मेदारी

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में जशपुर स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं पत्थलगांव स्वास्थ्य विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की गई।
दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि पर आयोजित यह शिविर केवल रक्त संग्रह का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन बन गया। आयोजकों के अनुसार शिविर में आगे भी रक्तदान के लिए लोगों का पंजीयन जारी रहा और रक्त संग्रह का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।