पत्थलगांव प्रेस क्लब ने वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना

 

 

पत्थलगांव। पत्थलगांव के वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर पत्थलगांव प्रेस क्लब द्वारा प्रेस क्लब के नवीन भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार रविंदर भाटिया ने कहा कि रमेश शर्मा केवल जिले के वरिष्ठ पत्रकार ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखने वाले पत्रकार थे। उन्होंने बेहद कम समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और अपनी लेखनी व समाचारों के माध्यम से पत्रकारिता जगत में महत्वपूर्ण स्थान बनाया।

प्रेस क्लब के राजेश अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा पत्थलगांव प्रेस क्लब के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहे। वे साथी पत्रकारों के बीच समाचारों की विश्वसनीयता, पत्रकारिता के दायित्व और खबरों के विभिन्न पहलुओं को लेकर लगातार चर्चा किया करते थे। उनका मार्गदर्शन पत्रकार साथियों के लिए सदैव यादगार रहेगा।

उन्होंने कहा कि रमेश शर्मा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके अनुभव, विचार और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा में रविंदर भाटिया, जितेंद्र गुप्ता, सौरभ त्रिपाठी, राजेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, नीरज गुप्ता, श्याम चौहान, बाबर खान, जितेंद्र अग्रवाल, प्रिंस सिन्हा, बबलू तिवारी, आकाश शर्मा, वैभव शर्मा सहित प्रेस क्लब के सभी पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

पत्रकारिता जगत ने खोया एक अनुभवी और मार्गदर्शक साथी

वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा के निधन से पत्थलगांव सहित जिले के पत्रकारिता जगत में एक अनुभवी और मार्गदर्शक साथी की कमी महसूस की जा रही है। प्रेस क्लब के सदस्यों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button