स्वर्ग रथ के लिए मदनलाल अग्रवाल(मखंडिया )ने दिया संपूर्ण सहयोग, समाजसेवा की मिसाल बनी



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। हरियाणा/राजस्थान सामाजिक संगठन, पत्थलगांव द्वारा समाजहित में स्वर्ग रथ की व्यवस्था के लिए लिया गया संकल्प अब पूर्णता की ओर है। इस पुनीत अभियान में समाज के अनेक समाजसेवियों, दानदाताओं एवं सहयोगियों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग प्रदान किया। सामूहिक सहयोग से आगे बढ़ रहे इस अभियान को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब पत्थलगांव के वरिष्ठ समाजसेवी मदनलाल अग्रवाल जी (मखंडिया परिवार) ने अपने पूजनीय माता-पिता स्वर्गीय श्री जगतराम अग्रवाल जी एवं स्वर्गीय श्रीमती रामपति देवी अग्रवाल जी की पावन स्मृति में स्वर्ग रथ की संपूर्ण राशि प्रदान करने का संकल्प लिया।
मदनलाल अग्रवाल मखंडियां द्वारा स्वर्ग रथ के लिए 20 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। उनके इस सहयोग से संगठन द्वारा समाजहित में लिया गया महत्वपूर्ण संकल्प पूर्ण होने जा रहा है। उनका यह योगदान केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि मानवता, संवेदनशीलता और समाज के प्रति समर्पण की भावना का परिचायक है।
सामाजिक संगठन के अनुसार, मदनलाल अग्रवाल (मखंडियां परिवार )लंबे समय से जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कार्यों में योगदान देते रहे हैं। उनके इस पुनीत सहयोग ने समाजसेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्वर्ग रथ जैसी सामाजिक आवश्यकता के लिए इतनी बड़ी राशि समर्पित करना समाज के प्रति उनकी सेवा भावना को दर्शाता है।
हरियाणा/राजस्थान सामाजिक संगठन ने कहा कि स्वर्ग रथ की व्यवस्था समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सेवा साबित होगी। इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी समाजसेवियों एवं दानदाताओं के योगदान के प्रति संगठन ने आभार व्यक्त किया।
संगठन ने विशेष रूप से मदनलाल अग्रवाल जी एवं उनके पूरे परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह सहयोग समाज की अमूल्य धरोहर बनकर सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को भी सेवा, सहयोग एवं मानवता की प्रेरणा देता रहेगा।
हरियाणा/राजस्थान सामाजिक संगठन, पत्थलगांव ने समाजहित में किए गए इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए श्री मदनलाल अग्रवाल जी को हृदय से साधुवाद एवं धन्यवाद प्रेषित किया है।