रफ्तार बनी मौत का कारण NH-43 पर भीषण सड़क हादसा: दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत — पत्नी व बेटी गंभीर घायल

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के NH-43 में ग्राम कछार के पास सोमवार देर रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों चालकों की मौत हो गई, जबकि एक की पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार गोविंद यादव (35 वर्ष), पिता रुपन यादव, निवासी फरसाटोली सोखामुड़ा, अपनी बाइक CG13AA4261 (सीडी डीलक्स) से महेशपुर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे खेम सागर सिदार (33 वर्ष), निवासी कछार, अपनी प्लेटिना बाइक CG14MO1632 से लुड़ेग सामान लेने गए थे और वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि कछार के पास दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में खेम सागर सिदार के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल गोविंद यादव को तत्काल पत्थलगांव के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में गोविंद यादव की पत्नी और बेटी को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-43 पर रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



