*थाने से 500 मीटर दूर ATM लूट, पुलिस पर हमला — कुनकुरी की कानून-व्यवस्था पर सवाल* *कुनकुरी घटना पर पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष यूडी मिंज ने दी प्रतिक्रिया*

मुकेश अग्रवाल
कुनकुरी | छत्तीसगढ़ के कुनकुरी नगर पंचायत में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुनकुरी मेन रोड पर थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर पिकअप वाहन में सवार अज्ञात लुटेरों ने ATM को उखाड़कर ले जाने का प्रयास किया। घटना के दौरान पेट्रोलिंग पर तैनात पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। गनीमत रही कि इस हमले में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
यह घटना नगर के बीचोंबीच घटित हुई, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि इससे पहले कभी नगर के मध्य ऐसी वारदात नहीं हुई थी। थाने के इतने पास अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना, पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
*घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष यूडी मिंज* ने कहा कि कुनकुरी नगर अब तक शांत और सुरक्षित क्षेत्र माना जाता रहा है, लेकिन टाउन के बीचोंबीच ATM लूट और पुलिस पर हमला यह दर्शाता है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं और शासन-प्रशासन को तत्काल सख्त कदम उठाने चाहिए।
*स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो और नगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।*




