पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने नए स्कूल भवन का किया लोकार्पण, नवप्रवेशी बच्चों का किया तिलक लगाकर स्वागत

मुकेश अग्रवाल

 

पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव और नवीन शाला भवन का उद्घाटन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती गोमती साय (उपाध्यक्ष, सरगुजा विकास प्राधिकरण एवं विधायक, पत्थलगांव) उपस्थित रहीं।

नवीन शाला भवन के औपचारिक फीता काटकर और दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन के पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती गोमती साय ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का रोली-तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और नि:शुल्क पाठ्यसामग्री व गणवेश (यूनिफॉर्म) वितरित कर स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती गोमती साय ने कहा कि “शिक्षा ही किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की असली नींव है। नवीन शाला भवन के निर्माण से स्थानीय बच्चों को एक बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनका भविष्य और उज्ज्वल बनेगा।” उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा शिक्षकों एवं अभिभावकों को मिलकर शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, नवप्रवेशी बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक मौजूद रहे। नवीन भवन मिलने से ग्रामीण और बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button