दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में ब्रह्माकुमारी संस्थान का 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान; स्कूलों में गूंजा “नशे को ना, स्वस्थ जीवन को हां” का संदेश

 

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ समाज में जागरूकता की अलख जगाने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत पत्थलगांव में भी नशामुक्त समाज के संकल्प को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में पत्थलगांव ब्रह्माकुमारी प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका नीलू बहन एवं शुकृता बहन ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान प्रकाश हाई स्कूल एवं ब्रिटिश रोज इंग्लिश मीडियम स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने जीवन को शिक्षा, संस्कार, खेल और सकारात्मक सोच की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

सैकड़ों बच्चों ने लिया संकल्प

विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक साथ नशे से दूर रहने की शपथ ली तो पूरा माहौल संकल्प और जागरूकता से भर गया। बच्चों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

ब्रह्माकुमारी बहनों ने कहा कि आज के बच्चे और युवा ही कल के समाज की दिशा तय करेंगे। यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो परिवार मजबूत होगा और समाज भी स्वस्थ एवं संस्कारवान बनेगा। इसी उद्देश्य से नशामुक्ति अभियान को विद्यालयों तक पहुंचाकर बच्चों को जागरूक किया जा रहा है।

दादी प्रकाशमणि की स्मृति में चलाया जा रहा यह अभियान केवल शपथ तक सीमित नहीं, बल्कि नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में जनजागरण का संदेश दे रहा है। पत्थलगांव में विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी ने इस अभियान को और प्रभावशाली बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button