पाइंटर ऑपरेशन से बेनकाब हुआ देह व्यापार का नेटवर्क, कई राज खुलने की उम्मीद



शहर के शांत माने जाने वाले छोटे अतरमुड़ा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब रायगढ़ पुलिस ने एक किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे पर फिल्मी अंदाज में छापा मारकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की इस सुनियोजित कार्रवाई में महिला दलाल सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से कई युवतियों को भी बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली के एक किराये के मकान में देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने पहले पूरे मामले की गुप्त निगरानी की और फिर एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा गया।
जैसे ही पाइंटर ने तयशुदा संकेत दिया, सीएसपी मयंक मिश्रा और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल एवं चक्रधरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान को चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
छापेमारी के दौरान एक कमरे में एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में भी संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। तलाशी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री बरामद की और महिला दलाल के कब्जे से पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये नकद भी जब्त किए।
पूछताछ में महिला ने किराये के मकान में देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने महिला दलाल गुंजन चौहान सहित दो ग्राहकों नेहरू चौहान और मीर रविउल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा यह कारोबार कब से संचालित किया जा रहा था। मामले के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं के शोषण और अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।