ओडिशा से यूपी जा रहा था मौत का माल, बलरामपुर में पुलिस ने बीच रास्ते पकड़ा ‘गांजा एक्सप्रेस’ तस्करों के अरमान चकनाचूर! करोड़ों के गांजे से भरा ट्रक पुलिस के शिकंजे में

भोर 3 बजे जिला पार करने की फिराक में थे तस्कर, बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल ने बिछाया ऐसा जाल कि ट्रक समेत दो आरोपी धराए

 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबारियों के खिलाफ जारी अभियान के बीच बलरामपुर पुलिस ने ऐसा वार किया है, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है। सूरजपुर के सिलफिली में बस से करोड़ों का गांजा पकड़े जाने की घटना अभी लोगों के जहन से उतरी भी नहीं थी कि बलरामपुर पुलिस ने उससे कहीं बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे से भरे एक विशाल ट्रक को पकड़कर तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया है।

बसंतपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर भोर करीब 3 बजे घेराबंदी कर उस ट्रक को रोक लिया, जो ओडिशा के सोनपुर से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा था। तस्करों की पूरी योजना रात के अंधेरे में जिला पार कर निकल जाने की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

कार्रवाई के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। स्थिति यह है कि जब्त मादक पदार्थ की गिनती और वजन करने में पुलिस टीम को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यह बलरामपुर जिले के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती मानी जा रही है।

पुलिस ने ट्रक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी लोकेश और मुजफ्फरनगर निवासी आमिर के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय गिरोह की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद गांजे का कुल वजन और उसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत का आकलन अभी जारी है, लेकिन शुरुआती आंकड़े ही करोड़ों रुपये की खेप की ओर इशारा कर रहे हैं।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद नशे के कारोबारियों में खलबली मच गई है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई यह साफ संकेत दे रही है कि छत्तीसगढ़ में अब नशे के सौदागरों के लिए कोई सुरक्षित रास्ता नहीं बचा है। सूरजपुर की बस के बाद बलरामपुर का यह ‘महा-ट्रक’ पकड़ा जाना प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button