शिव भक्ति में डूबा पत्थलगांव: पं. पवन त्रिपाठी ने सुनाई शिव महिमा, आज होगा शिव-पार्वती विवाह का भव्य आयोजन
30 वर्षों से पत्थलगांव की धरती पर कथा का अमृत बरसा रहे पं. पवन त्रिपाठी, अंतिम दिवस के विवाह प्रसंग को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। स्थानीय श्याम मंदिर परिसर इन दिनों शिवमय वातावरण से सराबोर है। अग्रवाल महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के छठवें दिवस कथा वाचक पंडित पवन त्रिपाठी ने भगवान शिव की महिमा का ऐसा भावपूर्ण वर्णन किया कि श्रद्धालु घंटों तक भक्ति रस में डूबे रहे। उनकी ओजस्वी वाणी और आध्यात्मिक व्याख्यान ने उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पत्थलगांव से तीन दशक पुराना आत्मीय रिश्ता रखने वाले पं. पवन त्रिपाठी ने कथा के दौरान धर्म, सत्य और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सत्य कभी पराजित नहीं होता, वह केवल कुछ समय के लिए परेशान हो सकता है।” उन्होंने लोगों से धर्म के मार्ग पर अडिग रहने और समाज की भलाई के लिए निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया।
कथा के दौरान भगवान शिव से जुड़े विभिन्न प्रेरणादायी प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि जीवन में आस्था, सेवा और सदाचार ही सच्ची सफलता का आधार हैं। उनकी वाणी सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।

इधर कथा के अंतिम दिवस आयोजित होने वाले शिव-पार्वती विवाह महोत्सव को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु इस दिव्य प्रसंग के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं कथा स्थल पर मां महागौरी के कन्यादान की विशेष रस्म भी संपन्न होगी, जिसे लेकर भक्तों में गहरी श्रद्धा और उत्सुकता बनी हुई है।
पं. त्रिपाठी ने श्रद्धालुओं से कहा कि धर्मकार्य में श्रद्धा ही सबसे बड़ा योगदान है और जो भी अपनी स्वेच्छा से सहयोग करना चाहें, वे पुण्य के भागी बन सकते हैं।

कथा के दौरान प्रतिदिन श्याम सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जा रही है।
नगर में शिव कथा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। श्याम मंदिर परिसर में प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि पं. पवन त्रिपाठी की अलौकिक वाणी और शिव महिमा के अमृतमय प्रसंग लोगों के हृदय को गहराई से स्पर्श कर रहे हैं। आज कथा के समापन अवसर पर होने वाला शिव-पार्वती विवाह समारोह पूरे आयोजन का सबसे आकर्षक और यादगार क्षण बनने जा रहा है।
“हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोषों के बीच पत्थलगांव पूरी तरह शिव भक्ति के रंग में रंग चुका है।