गांजा तस्करों की उल्टी गिनती शुरू! पत्थलगांव से दबोचा गया फरार सप्लायर ‘सुदर्शन’ निकला दर्शन, 3.5 किलो गांजा सप्लाई का राज खुलते ही पुलिस ने दबोचा

रायगढ़ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा, नशे के सौदागरों में मचा हड़कंप
मुकेश अग्रवाल
रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम अब तस्करों की नींद उड़ाने लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एक ऐसे फरार गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जिसकी तलाश पिछले दो महीने से की जा रही थी। आरोपी को पत्थलगांव में दबिश देकर धर दबोचा गया।
मामला उस समय सामने आया था जब 9 अप्रैल 2026 को घरघोड़ा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में नाकेबंदी कर दो तस्करों को 3.5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों विजय सिदार और शिवव्रत सिदार ने पूछताछ में जिस रहस्यमयी “सुदर्शन” का नाम लिया था, वही अब पुलिस जांच में दर्शन प्रसाद चौहान निकला।
पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। लंबे समय से नजर रख रही टीम ने आखिरकार पत्थलगांव में दबिश देकर आरोपी दर्शन प्रसाद चौहान (22) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि शिवव्रत सिदार की मांग पर उसने करीब साढ़े तीन किलो गांजा उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
एंड-टू-एंड एक्शन से तस्करों में दहशत
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि अब सिर्फ गांजा पकड़ने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सप्लायर, नेटवर्क और पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस रणनीति से जिले में सक्रिय नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव, एएसआई नरेन्द्र सिदार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ और नशे के कारोबार पर लगातार प्रहार जारी रहेगा।
“नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, कानून का शिकंजा उनके दरवाजे तक पहुंचेगा।” — एसएसपी शशि मोहन सिंह




