शिव महापुराण कथा का शुभारंभ: शिव महिमा और माता पार्वती के तप की गाथा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर अग्रवाल महिला मंडल, पत्थलगांव के तत्वावधान में श्री श्याम मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय दिव्य शिव महापुराण कथा का शुभारंभ बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।


प्रयागराज से पधारे परम पूज्य आचार्य श्री पवन कुमार महाराज ने व्यासपीठ से कथा का रसपान कराते हुए भगवान शिव के दिव्य स्वरूप और उनकी महिमा का विस्तार से वर्णन किया। कथा प्रारंभ होने से पूर्व विधिवत व्यास गद्दी पूजन एवं भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद सायं 4 बजे से प्रारंभ हुई कथा रात्रि 7 बजे तक चली, जिसमें श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में सराबोर रहे।
प्रथम दिवस की कथा में महाराज श्री ने बताया कि “शिव” केवल एक नाम नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के कल्याण का प्रतीक हैं। शिव का स्मरण मनुष्य के जीवन के दुःखों का निवारण कर उसे आत्मिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने भगवान शिव को दया, करुणा, त्याग और कल्याण का स्वरूप बताते हुए कहा कि उनकी आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है।
कथा के दौरान माता पार्वती के तप, त्याग और समर्पण की भी भावपूर्ण व्याख्या की गई। महाराज श्री ने कहा कि माता पार्वती का जीवन धैर्य, संयम और अटूट संकल्प का अनुपम उदाहरण है। उनके कठोर तप और अटल भक्ति के कारण ही उन्हें भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
भजन, संगीतमय प्रसंग और शिव स्तुति के मधुर स्वर पूरे पंडाल में गूंजते रहे। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोषों से वातावरण शिवमय हो उठा। श्रद्धालु भक्ति में इतने तल्लीन रहे कि समय का आभास ही नहीं हुआ।
अग्रवाल महिला मंडल की पदाधिकारियों ने बताया कि कथा आगामी दिनों तक प्रतिदिन आयोजित होगी, जिसमें भगवान शिव के विभिन्न चरित्रों, लीलाओं और आध्यात्मिक संदेशों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा। समिति ने नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
कथा स्थल की आकर्षक सजावट, सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं और आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अग्रवाल महिला मंडल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाली श्री श्याम सेवा समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।




