एक्के नंबर सब्बो बर” — जशपुर में डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा का शुभारंभ, सुरक्षा को मिली नई रफ्तार गोमती साय ने दिखाई हरी झंडी, 11 डायल-112 एवं 2 हाईवे पेट्रोल वाहन हुए रवाना

मुकेश अग्रवाल

Related Articles

जशपुरनगर।

छत्तीसगढ़ शासन एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की महत्वाकांक्षी डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन योजना का शुभारंभ आज जशपुर पुलिस लाइन में गरिमामय कार्यक्रम के बीच किया गया। पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने जिले को आबंटित 11 अत्याधुनिक डायल-112 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों तथा 2 हाईवे पेट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत, सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ग्रामीण अंचलों तक पहुंचेगी त्वरित मदद

अपने संबोधन में विधायक गोमती साय ने कहा कि यह योजना दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। अब किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तेजी से सहायता मिल सकेगी, जिससे पुलिस व्यवस्था पर जनता का विश्वास और मजबूत होगा।

वहीं विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस डायल-112 सेवा महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को नई मजबूती देगी और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी।

“डायल-112 केवल हेल्पलाइन नहीं, जनता का सुरक्षा कवच” — एसएसपी

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नए ERV वाहनों में GPS ट्रैकिंग, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, वायरलेस कम्युनिकेशन, डैश कैम एवं आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। कंट्रोल सेंटर से सूचना मिलते ही निकटतम वाहन तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना होगा।

उन्होंने कहा कि “डायल-112 केवल एक हेल्पलाइन नहीं बल्कि जनता की सुरक्षा और विश्वास से जुड़ी सेवा है।”

एक नंबर पर मिलेगी हर आपात सेवा

“एक्के नंबर सब्बो बर” की अवधारणा पर आधारित यह सेवा अब पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा सहायता और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराएगी।

नागरिक अब केवल फोन कॉल ही नहीं बल्कि 112 इंडिया ऐप, SMS, ई-मेल, चैटबॉट, वेब रिक्वेस्ट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

इन थानों में तैनात किए गए नए वाहन

जशपुर जिले में प्राप्त नए डायल-112 वाहन पत्थलगांव, बगीचा, कांसाबेल, कुनकुरी, तुमला, तपकरा, जशपुर, लोदाम, सन्ना, आस्ता एवं डायल-112 कंट्रोल रूम जशपुर में तैनात किए गए हैं, जो 24×7 सेवा प्रदान करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत

नई व्यवस्था से सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित राहत, ग्रामीण क्षेत्रों तक शीघ्र पुलिस सहायता, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Back to top button